बिहार में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 21 जिलों में बारिश-वज्रपात का अलर्ट, तापमान में 4 डिग्री तक गिरावट के आसार

पटना: बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। शनिवार को कोसी-सीमांचल के कई जिलों में सुबह से ही बारिश का दौर जारी रहा। दिन में तेज धूप और उमस से लोग परेशान रहे, लेकिन शाम होते-होते मौसम ने करवट ली। आसमान में घने बादल छा गए, तेज हवाएं चलीं और कई इलाकों में हल्की बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों के दौरान राज्य के कई जिलों में बारिश, मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार अरवल, औरंगाबाद, कैमूर (भभुआ), भोजपुर, पूर्वी चंपारण, गया, गोपालगंज, जहानाबाद, जमुई, लखीसराय, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, नालंदा, नवादा, पटना, रोहतास, सारण, शेखपुरा, सीवान, वैशाली और पश्चिमी चंपारण के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन, वज्रपात, हल्की से मध्यम बारिश तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की अपील की गई है। बीते 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि गया, औरंगाबाद और पूर्णिया के एक-दो स्थानों पर भारी वर्षा रिकॉर्ड की गई। उत्तर-पूर्व बिहार में सबसे अधिक बारिश हुई, जबकि दक्षिण बिहार और उत्तर-पश्चिम एवं उत्तर-मध्य बिहार के कई इलाकों में भी वर्षा दर्ज की गई। बारिश के कारण उमस भरी गर्मी से लोगों को काफी राहत मिली है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस कैमूर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस गया में रिकॉर्ड किया गया। पूरे प्रदेश में अधिकतम तापमान 30.4 से 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.8 से 29.2 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। हालांकि तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं देखा गया। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। लगातार सक्रिय हो रहे मानसून के कारण आने वाले दिनों में बिहार के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। — मिथिला हिंदी न्यूज़ रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.