👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
शादी के 63 दिन बाद नवविवाहित दंपती की मौत, मसौढ़ी के बांसडीह गांव में मातम
0
July 07, 2026
पटना से सटे मसौढ़ी अनुमंडल के लहसुना थाना क्षेत्र के बांसडीह गांव में सोमवार शाम एक नवविवाहित दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान 25 वर्षीय टोनी पासवान और उनकी पत्नी 25 वर्षीय सलोनी कुमारी के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों ने आत्महत्या की है, हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परिजनों ने बताया कि टोनी और सलोनी की शादी इसी वर्ष 4 मई को हुई थी। शादी के महज 63 दिन बाद इस तरह की दुखद घटना ने दोनों परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। घटना के समय घर के अन्य सदस्य बाजार गए हुए थे। वापस लौटने पर उन्होंने दोनों को मृत अवस्था में देखा, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस और परिजनों के अनुसार, शादी के बाद दोनों के बीच आपसी मनमुटाव और छोटे-छोटे विवाद होने की बातें सामने आ रही हैं। हालांकि परिवार के लोग यह समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर ऐसी कौन सी परिस्थिति बनी कि दोनों ने इतना बड़ा कदम उठा लिया।
मृतक टोनी के पिता नागेंद्र पासवान ने कहा, "नई-नई शादी हुई थी। अभी जिंदगी की शुरुआत ही हुई थी। हमें समझ में नहीं आ रहा कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि दोनों ने आत्महत्या कर ली। हम पूरी तरह टूट गए हैं।"
घटना की खबर मिलते ही सलोनी के परिजन भी गांव पहुंच गए। दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं और यही सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर शादी के इतने कम समय बाद ऐसा क्या हुआ जिसने दोनों को यह कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
मिथिला हिंदी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
