बांकीपुर उपचुनाव: प्रशांत किशोर को शत्रुघ्न सिन्हा का समर्थन, एक्स पर वोट की अपील

पटना: बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के चुनावी मैदान में उतरने के बाद उन्हें सांसद और अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा का खुला समर्थन मिला है। शत्रुघ्न सिन्हा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए प्रशांत किशोर की जमकर तारीफ की और जनता, खासकर युवाओं से उनके समर्थन में मतदान करने की अपील की। अपने एक्स पोस्ट में शत्रुघ्न सिन्हा ने लिखा कि बिहार में राजनीतिक धमाका हो गया है। उन्होंने प्रशांत किशोर को सबसे काबिल, दूरदर्शी, बेहतरीन बुद्धिजीवी और जन-जन के नेता बताते हुए कहा कि उनके चुनावी मैदान में उतरने से बिहार ही नहीं, पूरे देश की राजनीति में नई हलचल पैदा हो गई है। उन्होंने आगे लिखा कि एक "बिहारी बाबू" होने के नाते यह खबर उन्हें बेहद उत्साहित करती है। उन्होंने लोगों, विशेषकर युवाओं से जाति, धर्म और पार्टी की सीमाओं से ऊपर उठकर प्रशांत किशोर का समर्थन करने की अपील की और "जय बिहार, जय हिंद" का संदेश दिया। गौरतलब है कि शत्रुघ्न सिन्हा के बेटे लव सिन्हा भी वर्ष 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर बांकीपुर सीट से चुनाव लड़ चुके हैं। हालांकि उन्हें बीजेपी उम्मीदवार नितिन नवीन से हार का सामना करना पड़ा था। अब नितिन नवीन के बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद बांकीपुर विधानसभा सीट रिक्त हो गई है, जिसके कारण यहां उपचुनाव कराया जा रहा है। इस सीट पर प्रशांत किशोर की उम्मीदवारी और शत्रुघ्न सिन्हा के समर्थन ने चुनावी मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है। — मिथिला हिन्दी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.