👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
समस्तीपुर में थाना भवन के अंदर फंदे से लटका मिला ASI का शव, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
0
July 18, 2026
समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले के मोहिउद्दीननगर थाना क्षेत्र से शनिवार सुबह एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई। थाना भवन की तीसरी मंजिल पर डायल-112 में तैनात सहायक अवर निरीक्षक (ASI) बबलू कुमार प्रसाद का शव फंदे से लटका मिलने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पटोरी एसडीपीओ वीरेंद्र कुमार मेधावी, सर्किल इंस्पेक्टर पवन कुमार समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, थाना भवन की तीसरी मंजिल पर स्थित एक खाली कमरे में एएसआई का शव फंदे से लटका मिला। शनिवार सुबह जब साथी पुलिसकर्मियों ने शव देखा तो तत्काल इसकी सूचना अधिकारियों को दी गई। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस आत्महत्या सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
मृतक एएसआई बबलू कुमार प्रसाद पश्चिम चंपारण जिले के बगहा के रहने वाले थे। वह पिछले करीब ढाई वर्षों से मोहिउद्दीननगर थाना में डायल-112 सेवा में तैनात थे। हाल ही में उनका तबादला कल्याणपुर डायल-112 इकाई में किया गया था, लेकिन उन्होंने वहां अभी योगदान नहीं दिया था। समस्तीपुर में वह अकेले रहते थे, जबकि उनका परिवार बगहा में निवास करता है।
इस घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक का माहौल है। पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है और अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत की वजह को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष सामने आएगा।
— मिथिला हिंदी न्यूज़
रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू