👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
सात फेरे लेने के कुछ घंटे बाद दुल्हन गहने और नकदी लेकर फरार
0
July 18, 2026
गया: बिहार के गया जिले में शादी के नाम पर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद निवासी रविंद्र कुमार अपने परिवार के साथ बड़े अरमानों और कर्ज लेकर शादी करने गया पहुंचे थे। हिंदू रीति-रिवाज से मंदिर में विवाह संपन्न हुआ, सात फेरे लिए गए, दूल्हे ने दुल्हन की मांग में सिंदूर भरा और सोने-चांदी के गहने भी पहनाए गए। लेकिन शादी के कुछ ही घंटों बाद दुल्हन कथित एजेंट के साथ गहने, नकदी और सामान लेकर फरार हो गई। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार ने गया के मुफस्सिल थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि शादी के तुरंत बाद कथित एजेंट शकील ने पहचान पत्र की फोटो कॉपी कराने का बहाना बनाया। वह दुल्हन को बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गया। काफी देर तक दोनों के वापस नहीं लौटने पर परिजनों को शक हुआ। बाद में पता चला कि दुल्हन सोने-चांदी के गहने, नकदी और कपड़ों से भरा बैग लेकर फरार हो चुकी है।
परिजनों का यह भी आरोप है कि शादी कराने के नाम पर उनसे पहले ही एक लाख रुपये नकद लिए गए थे। इसके अलावा दुल्हन ने दूल्हे के खर्च पर कपड़ों की खरीदारी कराई और मेकअप सहित अन्य तैयारियों के नाम पर भी अच्छी-खासी रकम खर्च करवाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस कथित गिरोह से जुड़े दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है और पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर शादी के नाम पर सक्रिय ठग गिरोहों की ओर इशारा करती है। पुलिस लोगों से अपील कर रही है कि विवाह तय करने से पहले संबंधित लोगों की पूरी पहचान और पृष्ठभूमि की जांच अवश्य करें, ताकि इस तरह की धोखाधड़ी से बचा जा सके।
— मिथिला हिंदी न्यूज़
रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
