👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
पटना मेट्रो का होगा विस्तार, आज भूतनाथ से मलाहीपकड़ी तक दौड़ेगी मेट्रो
0
July 01, 2026
पटनावासियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गुरुवार को भूतनाथ से मलाहीपकड़ी तक पटना मेट्रो सेवा के विस्तारित खंड का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन के साथ ही आईएसबीटी से मलाहीपकड़ी तक मेट्रो का नियमित परिचालन शुरू हो जाएगा। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
राज्य सरकार ने लगभग 13,365 करोड़ रुपये की लागत से पटना मेट्रो परियोजना शुरू की है। पहले चरण में 6 अक्टूबर 2025 को आईएसबीटी से भूतनाथ तक करीब 3.2 किलोमीटर लंबे हिस्से पर मेट्रो सेवा शुरू हुई थी। अब भूतनाथ से मलाहीपकड़ी तक करीब 3 किलोमीटर के विस्तार के बाद यात्रियों को कुल 6 किलोमीटर लंबी मेट्रो सेवा का लाभ मिलेगा।
नगर विकास एवं आवास विभाग के अनुसार, मलाहीपकड़ी के बाद मेट्रो भूमिगत मार्ग से संचालित होगी। यह पीएमसीएच, गांधी मैदान, डाकबंगला और पटना जंक्शन तक पहुंचेगी। इस रूट पर राजेंद्र नगर, मोइन उल हक स्टेडियम, पटना साइंस कॉलेज, पीएमसीएच, गांधी मैदान और आकाशवाणी सहित छह भूमिगत स्टेशनों का निर्माण किया जा रहा है।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि खेमनीचक मेट्रो स्टेशन का निर्माण भी पूरा हो चुका है और इसे अगले पखवाड़े के भीतर यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा। इसके बाद मेट्रो मीठापुर, चंद्रगुप्त प्रबंधन संस्थान और करबिगहिया होते हुए पटना जंक्शन तक पहुंचेगी।
नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने कहा कि मेट्रो सेवा के विस्तार से पटना के लोगों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी तथा शहर में यातायात का दबाव कम होगा।
बिहार की हर बड़ी खबर के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।
