मुंगेर में युवक की हत्या से सनसनी: झाड़ी से मिला मुर्गा दुकानदार का शव, जमीन विवाद और मारपीट की जांच में जुटी पुलिस

मुंगेर: कासिम बाजार थाना क्षेत्र के खोजा बाजार स्थित मनियां चौराहा में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 26 वर्षीय युवक अंकित कुमार का शव झाड़ी से बरामद हुआ। मृतक खोजा बाजार निवासी भीम यादव का पुत्र था और मनियां चौराहा पर मुर्गा की दुकान चलाता था। घटना की सूचना मिलते ही कासिम बाजार थानाध्यक्ष रुबी कांत कच्छप पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। शव मिलने की खबर फैलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। मृतक के पिता भीम यादव ने पड़ोस की सरिता देवी पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसके अलावा उन्होंने बताया कि शनिवार रात कर्बला क्षेत्र के एक मोमोस दुकानदार से मुर्गे का मीट खरीदने को लेकर अंकित की कहासुनी और मारपीट भी हुई थी। परिजनों के अनुसार, शनिवार रात करीब 12 बजे तक अंकित घर के आसपास देखा गया था। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने झाड़ी में उसका शव पड़ा होने की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की शुरुआती जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जबकि शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस जमीन विवाद और शनिवार रात हुई मारपीट समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों और घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी। अंकित दो भाइयों में छोटा था। उसकी असामयिक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ऐसी ही ताजा और विश्वसनीय खबरों के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.