शिवहर में पारिवारिक विवाद ने लिया खूनी मोड़: चचेरे भाइयों के बीच मारपीट में एक की मौत, छह घायल

शिवहर: जिले के नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 23 स्थित फतहपुर नया टोला में रविवार को पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। चचेरे भाइयों के बीच शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हुई मारपीट में 50 वर्षीय अमरेंद्र सहनी की मौत हो गई, जबकि दोनों पक्षों के छह लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान अमरेंद्र सहनी (50) के रूप में हुई है। घटना में उनके भाई चुनचुन सहनी (30), हरिकिशोर सहनी (32), रूबी देवी (30), शिवनाथ सहनी (55) समेत दोनों पक्षों के कुल छह लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज सरोजा सीताराम सदर अस्पताल, शिवहर में चल रहा है, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, रविवार को खाना खाने के बाद अमरेंद्र सहनी और उनके चचेरे भाई हरिकिशोर सहनी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के परिजन भी आमने-सामने आ गए। इसके बाद लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से जमकर मारपीट हुई, जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एसपी शैलेंद्र सिंह के निर्देश पर फतहपुर, नगर सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पूरे इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। गंभीर रूप से घायल अमरेंद्र सहनी को प्राथमिक उपचार के बाद एसकेएमसीएच, मुजफ्फरपुर रेफर किया गया था, लेकिन अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। शव के शिवहर पहुंचते ही इलाके में तनाव और बढ़ गया। एसडीपीओ अनुशील कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद का है। पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दोषियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। बिहार की ताजा और विश्वसनीय खबरों के लिए पढ़ते रहिए मिथिला हिन्दी न्यूज।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.