बांकीपुर उपचुनाव: विपक्ष ने साझा उम्मीदवार की अपील दोहराई, एनडीए ने जीत का किया दावा

पटना की हाईप्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। एक ओर एनडीए अपनी जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नजर आ रहा है, वहीं महागठबंधन की ओर से विपक्षी दलों से भाजपा के खिलाफ साझा उम्मीदवार उतारने की अपील की जा रही है। इस उपचुनाव में भाजपा ने अभिषेक कुमार 'बंटी', राजद ने रेखा कुमारी, जन सुराज ने प्रशांत किशोर और तेज प्रताप यादव की पार्टी ने वीणा मानवी को उम्मीदवार बनाया है। कई प्रमुख उम्मीदवारों के मैदान में होने से मुकाबला दिलचस्प और बहुकोणीय माना जा रहा है। राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि बांकीपुर सीट भाजपा के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गई है। उनका कहना है कि नितिन नवीन के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने और राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद यह सीट खाली हुई है। ऐसे में भाजपा अपनी पूरी ताकत चुनाव में झोंक रही है। उन्होंने विपक्षी दलों से एक बार फिर अपील की कि भाजपा को हराने के लिए सभी दल एक साझा उम्मीदवार पर सहमति बनाएं, ताकि विपक्षी एकता का संदेश पूरे देश में जाए। वहीं राष्ट्रीय लोक मोर्चा (RLM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने विपक्ष के दावों को खारिज करते हुए कहा कि चुनाव चाहे कोई भी लड़े, जीत एनडीए की ही होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और बिहार सरकार के विकास कार्यों से जनता संतुष्ट है और महागठबंधन आपसी खींचतान में उलझा हुआ है, इसलिए उसके पक्ष में परिणाम आने की संभावना कम है। केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी भाजपा उम्मीदवार अभिषेक कुमार 'बंटी' का समर्थन करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर उन्हें अग्रिम शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा कि "ज़मीनी कार्यकर्ता के आगे कोई नहीं टिकता" और अभिषेक कुमार 'बंटी' की जीत का विश्वास जताया। भाजपा, राजद, जन सुराज और तेज प्रताप यादव की पार्टी के अलग-अलग उम्मीदवार मैदान में होने से बांकीपुर उपचुनाव का मुकाबला और रोमांचक हो गया है। सभी दल अपने-अपने पक्ष में माहौल बनाने और मतदाताओं को आकर्षित करने में जुटे हैं। आने वाले दिनों में प्रचार अभियान और तेज होने के साथ राजनीतिक बयानबाजी भी और तीखी होने की संभावना है। — मिथिला हिन्दी न्यूज संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.