दरभंगा एयरपोर्ट को मिलेगी नई उड़ान, केंद्रीय मंत्री करेंगे नए टर्मिनल का निरीक्षण

दरभंगा: मिथिला के लोगों के लिए हवाई कनेक्टिविटी को लेकर बड़ी खुशखबरी है। 912 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे दरभंगा एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का निरीक्षण करने केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू जल्द दरभंगा पहुंचेंगे। इस दौरे के दौरान नाइट लैंडिंग सुविधा, नई उड़ानों की शुरुआत और एयरपोर्ट के विस्तार से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसलों को गति मिलने की उम्मीद है।
सांसद एवं नागर विमानन मंत्रालय समिति के सदस्य डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री से मुलाकात के बाद बताया कि नए टर्मिनल भवन का निरीक्षण किया जाएगा, ताकि निर्धारित समय पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों इसका उद्घाटन कराया जा सके। बैठक में बताया गया कि दरभंगा एयरपोर्ट पर कैट-II (CAT-II) नाइट लैंडिंग सिस्टम के तहत आईएलएस, एप्रोच लाइटिंग और अन्य तकनीकी कार्य लगभग पूरे हो चुके हैं। नाइट लैंडिंग शुरू होने के बाद उड़ानों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि होगी और यात्रियों को अधिक सुविधाजनक हवाई सेवा मिल सकेगी। सांसद ने यह भी बताया कि गृह मंत्रालय द्वारा एयरपोर्ट की सुरक्षा की जिम्मेदारी सीआईएसएफ को सौंप दी गई है। ऐसे में सीआईएसएफ के स्थायी प्रशासनिक भवन, आवास, अस्पताल और अन्य आवश्यक सुविधाओं के निर्माण की प्रक्रिया जल्द पूरी करने की जरूरत है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से दरभंगा को देश के प्रमुख महानगरों और धार्मिक स्थलों से सीधी हवाई सेवा से जोड़ने का आग्रह किया। उनका कहना है कि इससे मिथिला क्षेत्र में पर्यटन, निवेश, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। बैठक के दौरान दरभंगा एयरपोर्ट का नाम कवि कोकिल बाबा विद्यापति के नाम पर रखने, मखाना, लीची और आम जैसे मिथिला के उत्पादों के निर्यात के लिए कार्गो क्षमता बढ़ाने, 2.4 एकड़ में बने नए भवनों का लोकार्पण कराने तथा उड़ानों में मिथिला के पारंपरिक खाद्य पदार्थ चूड़ा-दही और मखाना शामिल करने जैसे प्रस्तावों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। सांसद ने हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए अगले 10 वर्षों में 28,840 करोड़ रुपये के निवेश की मंजूरी देने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नागरिक उड्डयन मंत्रालय की नीतियों की सराहना की। — मिथिला हिंदी न्यूज़ रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू, संपादक
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.