👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
नेपाल की फेवा झील में डूबने से गया के युवक की मौत, कुछ महीनों बाद होनी थी शादी
0
July 11, 2026
बिहार के गया जिले के कोंच थाना क्षेत्र के चिचौरा गांव निवासी 28 वर्षीय रोहित शर्मा की नेपाल के पोखरा स्थित प्रसिद्ध फेवा झील में डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार और पूरे गांव में मातम का माहौल है। जिस घर में कुछ महीनों बाद शादी की तैयारियां शुरू होने वाली थीं, वहां अब शोक पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, स्वर्गीय संजय शर्मा के पुत्र रोहित शर्मा अपने चार दोस्तों के साथ नेपाल घूमने गए थे। सभी ने सबसे पहले पोखरा स्थित ताल बाराही मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद वे फेवा झील पहुंचे, जहां घूमने के दौरान सभी ने तैराकी करने का फैसला किया।
तैराकी के दौरान रोहित अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथ मौजूद दोस्तों ने उन्हें बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। सूचना मिलने पर नेपाल की आर्म्ड पुलिस फोर्स (एपीएफ) की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद रोहित को झील से बाहर निकाला। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि रोहित शर्मा की शादी इसी वर्ष नवंबर-दिसंबर में तय थी। परिवार शादी की तैयारियों को लेकर उत्साहित था, लेकिन इस हादसे ने सभी खुशियां छीन लीं। रोहित के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में बड़े भाई गुड्डू शर्मा खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे चिचौरा गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने रोहित शर्मा के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।
— मिथिला हिंदी न्यूज़
रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
