बांकीपुर उपचुनाव: BJP ने क्यों बदला उम्मीदवार? बंटी के हटने के पीछे क्या है पूरी कहानी

बिहार की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट के उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) द्वारा उम्मीदवार बदलने का फैसला राजनीतिक चर्चा का बड़ा विषय बन गया है। पार्टी ने पहले अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ बंटी को प्रत्याशी बनाया था, लेकिन नामांकन दाखिल करने के कुछ समय बाद ही उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया। इसके बाद भाजपा ने नीरज कुमार सिन्हा को अपना नया उम्मीदवार घोषित किया। अभिषेक सिन्हा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उन्होंने पारिवारिक परिस्थितियों के कारण चुनाव नहीं लड़ने का फैसला लिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी कहा कि नामांकन वापस लेने की वजह सार्वजनिक रूप से बताई जा चुकी है। हालांकि, इस फैसले के बाद अभिषेक सिन्हा के पिता रविंद्र प्रसाद का नाम चर्चित चारा घोटाला मामले से जुड़ने को लेकर चर्चा तेज हो गई। रविंद्र प्रसाद ने स्वीकार किया कि वह इस मामले में दोषी ठहराए जा चुके हैं और उन्होंने फैसले के खिलाफ हाई कोर्ट में अपील की है। फिलहाल वह जमानत पर हैं। रविंद्र प्रसाद का कहना है कि बेटे को भाजपा का टिकट मिलने के बाद उनके पुराने मामले को फिर से उछाला गया, जिससे पार्टी पर अनावश्यक दबाव बना और अंततः अभिषेक को चुनाव मैदान से हटना पड़ा। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि उनके बेटे के खिलाफ सुनियोजित माहौल बनाया गया हो सकता है। वहीं, राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि उम्मीदवार बदलने के पीछे केवल चारा घोटाला मामला ही वजह नहीं था। पार्टी के भीतर टिकट को लेकर असंतोष की बातें भी सामने आईं। अभिषेक सिन्हा को भाजपा नेता नितिन नवीन का करीबी माना जाता है। टिकट मिलने के बाद कुछ स्थानीय दावेदारों और कार्यकर्ताओं में नाराजगी की चर्चा भी रही। बांकीपुर सीट भाजपा के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। यह सीट नितिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने के बाद खाली हुई थी। अब उपचुनाव में भाजपा के सामने जन सुराज के प्रशांत किशोर और राजद की रेखा कुमारी जैसी मजबूत चुनौती है। ऐसे में पार्टी किसी भी विवाद से बचते हुए चुनावी रणनीति के तहत नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाकर मैदान में उतार चुकी है। — रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू संपादक: मिथिला हिंदी न्यूज़ Mithila Hindi News
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.