👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
मुजफ्फरपुर को ₹1047 करोड़ की सौगात देंगे सीएम सम्राट चौधरी, 982 विकास योजनाओं का करेंगे शुभारंभ
0
July 11, 2026
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को मुजफ्फरपुर को 1047.09 करोड़ रुपये की बड़ी विकास योजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री नगर विकास एवं आवास विभाग, बुडको और मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से कुल 982 विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं से शहर की सड़कें, नाला व्यवस्था, पार्क, घाट, स्ट्रीट लाइट और अन्य शहरी सुविधाओं का व्यापक विस्तार होगा।
इस कार्यक्रम की सबसे प्रमुख परियोजना सिकंदरपुर लेक फ्रंट है, जिसे लगभग 213.25 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जाएगा। इस परियोजना के पूरा होने के बाद मुजफ्फरपुर को आधुनिक और आकर्षक शहरी पहचान मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य आधुनिक शहरी विकास के माध्यम से नागरिकों को बेहतर और सुविधाजनक जीवन उपलब्ध कराना है।
इससे पहले शनिवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हाजीपुर में राज्य की पेपरलेस रजिस्ट्री प्रणाली की शुरुआत की। नई व्यवस्था के तहत लोगों को ऑनलाइन जमीन जांच, होम रजिस्ट्रेशन, पेपरलेस रजिस्ट्री और GIS मैपिंग जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। साथ ही मोबाइल रजिस्ट्रेशन यूनिट को भी रवाना किया गया। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्गों को अब रजिस्ट्री के लिए कार्यालय नहीं जाना पड़ेगा, उन्हें यह सुविधा घर पर ही उपलब्ध कराई जाएगी। 75 वर्ष से अधिक आयु के नागरिकों और बिहार से बाहर रहने वाले लोगों के लिए भी प्रक्रिया को सरल बनाया जाएगा।
मुख्यमंत्री के मुजफ्फरपुर दौरे को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। जिले के डीएम और एसएसपी ने फकुली चेक पोस्ट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने सभी पुलिसकर्मियों को वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच करने के निर्देश दिए हैं, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।
रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
संपादक: मिथिला हिंदी न्यूज़
www.mithlahindinews.com
