बिहार सरकार की 'मेडल लाओ, नौकरी पाओ' योजना: क्रिकेटर आकाशदीप और मुकेश कुमार बने डीएसपी

पटना: बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी 'मेडल लाओ, नौकरी पाओ' योजना के तहत मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के उत्कृष्ट खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज आकाशदीप और मुकेश कुमार को पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) पद के लिए नियुक्ति पत्र प्रदान किया गया। समारोह में दोनों खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बने। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी प्रक्रिया के अनुसार, अवर सचिव सिद्धेश्वर चौधरी ने गृह विभाग को प्रस्ताव भेजा था, जिसके बाद दोनों खिलाड़ियों की नियुक्ति को मंजूरी दी गई। नियुक्ति पत्र में उल्लेख किया गया है कि मुकेश कुमार ने चीन के हांगझोउ में आयोजित 19वें एशियाई खेलों में भारतीय क्रिकेट टीम के सदस्य के रूप में स्वर्ण पदक जीतने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। वहीं आकाशदीप भी एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने वर्ष 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ खेली गई पांच मैचों की टेस्ट श्रृंखला में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया था। नियुक्ति पत्र में सेवा संबंधी नियमों और शर्तों का भी उल्लेख किया गया है। सरकार की इस योजना के तहत खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के आधार पर डीएसपी, दारोगा, पंचायती राज पदाधिकारी तथा अन्य उपयुक्त पदों पर सीधी नियुक्ति दी जा रही है। खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं, बेहतर प्रशिक्षण और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए हरसंभव सहयोग उपलब्ध करा रही है। राज्य सरकार का मानना है कि 'मेडल लाओ, नौकरी पाओ' योजना से खिलाड़ियों को स्थायी रोजगार मिलेगा, जिससे वे भविष्य की चिंता छोड़कर अपने खेल पर पूरी तरह ध्यान केंद्रित कर सकेंगे। साथ ही यह पहल युवाओं को खेल को एक सम्मानजनक करियर के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित करेगी और बिहार के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहन देगी। — मिथिला हिन्दी न्यूज़ रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.