👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
बिहार में महिलाओं के बाल काटने की रहस्यमयी घटनाओं से दहशत
0
July 17, 2026
दरभंगा (बिहार): बिहार के दरभंगा जिले में महिलाओं के बाल काटने की रहस्यमयी घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार गांव में आठ दिनों के भीतर दूसरी ऐसी घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीण रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं, जबकि पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।
ताजा घटना शिक्षक सुमन कुमार चौधरी के घर की है। परिजनों के अनुसार देर रात कोई अज्ञात व्यक्ति घर में घुस गया और उनकी बेटी के बाल काट दिए। सुबह घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
सूचना मिलने पर बहादुरपुर थाना पुलिस और सदर एसडीपीओ राजीव कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के बाद बताया कि शुरुआती जांच में मामला डकैती का नहीं, बल्कि चोरी के प्रयास का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, बाल काटने की घटना की भी हर पहलू से गंभीरता से जांच की जा रही है।
एसडीपीओ ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए स्पेशल टीम का गठन किया गया है। आठ दिन पहले हुई इसी तरह की घटना की भी जांच जारी है और दोनों मामलों को जोड़कर पड़ताल की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।
लगातार हो रही घटनाओं से गांव में भय का माहौल है। महिलाएं और बच्चे सबसे अधिक सहमे हुए हैं। ग्रामीण रात में समूह बनाकर पहरा दे रहे हैं। वहीं, घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और अफवाहें भी फैल रही हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।
— मिथिला हिंदी न्यूज़
रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
