👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
वैशाली में भीषण सड़क हादसा: तीन ट्रकों की टक्कर के बीच बुजुर्ग की दर्दनाक मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
0
July 17, 2026
वैशाली: जिले के महुआ-हाजीपुर मुख्य मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 60 वर्षीय पोषण महतो की दर्दनाक मौत हो गई। फुलवरिया गांव के पास हुए इस हादसे में एक के बाद एक तीन भारी वाहन आपस में टकरा गए, जिसकी चपेट में आने से बुजुर्ग की मौके पर ही जान चली गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 7 बजे एक ट्रक चालक सड़क किनारे अपना वाहन खड़ा कर टायर की जांच कर रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार हाईवा ने खड़े ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। कुछ ही देर बाद पीछे से आ रहा एक 12 चक्का ट्रक भी अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से जा भिड़ा। इस दौरान सड़क किनारे खड़े पोषण महतो ट्रक की चपेट में आ गए और उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे की खबर फैलते ही फुलवरिया और आसपास के गांवों के सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने महुआ-हाजीपुर मुख्य सड़क को जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और तेज रफ्तार भारी वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
सूचना मिलने पर महुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और हाईवा को जब्त कर लिया है। वहीं, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया गया।
महुआ थाना अध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि सड़क किनारे एक खराब ट्रक खड़ा था, जिसमें पीछे से हाईवा और एक अन्य ट्रक ने टक्कर मार दी। इस हादसे में एक स्थानीय व्यक्ति की मौत हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
— मिथिला हिंदी न्यूज़
रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
