भोजपुर में दिनदहाड़े हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी

भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर अपराधियों ने दिनदहाड़े एक हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान जगदीशपुर थाना क्षेत्र के रूपबांध गांव निवासी 35 वर्षीय राजेश यादव के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस के अनुसार, राजेश यादव पर फायरिंग, हत्या के प्रयास, रंगदारी समेत करीब एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज थे। करीब पांच महीने पहले फायरिंग के एक मामले में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। हाल ही में अदालत से जमानत मिलने के बाद वह जेल से बाहर आया था। जानकारी के मुताबिक, रविवार को राजेश यादव किसी काम से बिहिया थाना क्षेत्र के कटेया गांव गया था। वहां से बाइक से अपने गांव लौटने के दौरान टिपुरा गांव के समीप पहले से घात लगाए अपराधियों ने उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमले में राजेश यादव को सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में दो से तीन गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोलीबारी की आवाज सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही बिहिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं, जबकि एफएसएल टीम ने भी मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों ने योगेंद्र यादव समेत कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश सहित सभी संभावित कारणों की जांच की जा रही है। नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.