वैशाली डबल मर्डर केस: मुख्य आरोपी से पुलिस की मुठभेड़, दोनों पैरों में लगी गोली, पुलिस वाहन पर भी हुई फायरिंग

वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र में रविवार को हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी जगदीश राय के साथ सोमवार को पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी की ओर से पुलिस टीम पर फायरिंग भी की गई, जिसमें पुलिस वाहन पर दो गोलियां लगीं। हालांकि किसी पुलिसकर्मी को चोट नहीं आई। पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी बिदुपुर थाना क्षेत्र के दिलावरपुर पूर्वी स्थित एक आम के बगीचे में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की। खुद को घिरा देख जगदीश राय ने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। रविवार को रजासन गांव में जमीन और रास्ते के पुराने विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में जगदीश राय और उसके पिता मुरली राय पर अपने ही चाचा मुनारीक राय और चचेरे भाई, सेना के जवान जितेंद्र कुमार, की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद से पुलिस मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी थी। घटना की सूचना मिलते ही वैशाली के एसपी शुभांक मिश्रा और एसडीपीओ सुबोध कुमार मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की समीक्षा की। एसपी ने बताया कि आरोपी की फायरिंग से पुलिस वाहन में दो गोलियां लगीं, लेकिन सभी पुलिसकर्मी सुरक्षित हैं। उन्होंने बताया कि जगदीश राय के दोनों घुटनों के पास गोली लगी है और उसकी हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, जगदीश राय का पहले से आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ हत्या समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। अब पुलिस उससे पूछताछ कर इस दोहरे हत्याकांड में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। एहतियात के तौर पर पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.