समस्तीपुर में शराब तस्करों के बीच गैंगवार की आशंका, 4 दिन में 3 की हत्या से मचा हड़कंप

शराबबंदी वाले बिहार के समस्तीपुर जिले में पिछले चार दिनों के भीतर तीन लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई है। पुलिस को आशंका है कि ये घटनाएं शराब तस्करों के बीच आपसी वर्चस्व और पैसों के विवाद का नतीजा हो सकती हैं। लगातार हुई इन हत्याओं के बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच तेज कर दी है। पहली घटना 7 जुलाई की रात की है, जब कथित शराब तस्कर प्रभात चौधरी और उसके साथी सनी कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, प्रभात पर अपहरण, हत्या और शराब तस्करी समेत 11 आपराधिक मामले दर्ज थे और कई मामलों में चार्जशीट भी दाखिल हो चुकी थी। प्रभात के पिता के बयान पर पुलिस ने अखिलेश राय समेत अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। अखिलेश पर भी शराब तस्करी के कई मामले दर्ज हैं और वह फिलहाल फरार है। इसके अगले दिन 8 जुलाई को विद्यापतिनगर थाना क्षेत्र के बंगराहा गांव में ईशांत कुमार उर्फ छोटू की कथित तौर पर अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी नंद कुमार सिंह उर्फ आनंदी सिंह के खेत में करीब 10 फीट खुदाई कर शव बरामद किया। आनंदी सिंह पर भी शराब तस्करी के मामले दर्ज बताए गए हैं। समस्तीपुर के एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने बताया कि आनंदी सिंह और छोटू पहले साथ काम करते थे, लेकिन बाद में दोनों के बीच विवाद हो गया था। वहीं प्रभात चौधरी और अखिलेश राय के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद की जानकारी सामने आई है। सनी कुमार का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है, लेकिन पुलिस को संदेह है कि वह भी प्रभात के साथ रहने के कारण शराब तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है। लगातार हो रही वारदातों को देखते हुए दरभंगा रेंज के डीआईजी मनोज तिवारी ने समस्तीपुर पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने जिले में शराब तस्करों और उनके नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया है। पुलिस का कहना है कि सभी मामलों की गहन जांच की जा रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.