लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के भाषण को लेकर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने राहुल गांधी पर असंसदीय भाषा का इस्तेमाल करने और बिना तथ्यों के गंभीर आरोप लगाने का आरोप लगाया।
गिरिराज सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने दोपहर 1 बजे से अपना भाषण शुरू किया और लंबे समय तक असंसदीय भाषा का प्रयोग करते रहे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगातार आरोप लगाते रहे और अंत में यह भी आरोप लगाया कि केंद्रीय गृह मंत्री के आदेश पर फायरिंग हुई।
केंद्रीय मंत्री के मुताबिक, सरकार की ओर से राहुल गांधी से कहा गया कि यदि उनके पास इस आरोप के समर्थन में कोई ठोस सबूत है तो उसे सदन के सामने पेश करें। उन्होंने बताया कि किरेन रिजिजू ने भी राहुल गांधी से कहा कि यदि सबूत हैं तो प्रस्तुत करें, अन्यथा देश और संसद से माफी मांगें।
गिरिराज सिंह ने कहा, "राहुल गांधी जी, यह कांग्रेस पार्टी का दफ्तर नहीं है। संसद में तथ्यों के आधार पर बात करनी चाहिए। बिना प्रमाण के गंभीर आरोप लगाना उचित नहीं है।"
उन्होंने आगे कहा कि राहुल गांधी को या तो अपने आरोपों के समर्थन में साक्ष्य प्रस्तुत करने होंगे या फिर अपने बयान के लिए माफी मांगनी होगी।
मिथिला हिन्दी न्यूज