👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
मोतिहारी में भीषण सड़क हादसा: दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, तीन युवकों की मौत
0
July 12, 2026
पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। यह दुर्घटना अरेराज–पशुपतिनाथ मुख्य मार्ग पर गोविंदगंज थाना क्षेत्र के भेलानारी पुल के पास हुई, जहां दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक अपाची बाइक पर सवार रवि किशन और अनीश कुमार, जो सलेमपुर जीवधारा के निवासी थे, हादसे का शिकार हो गए। दूसरी बाइक पर सवार युवक गोविंदगंज थाना क्षेत्र के भेलानारी गांव का रहने वाला बताया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही गोविंदगंज थाना अध्यक्ष राजू मिश्रा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक को अस्पताल भिजवाया। हालांकि इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया।
पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को भी जब्त कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
गोविंदगंज थाना अध्यक्ष राजू मिश्रा ने बताया कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तीसरे युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मृत्यु हो गई। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।
