नवादा में बालू में दफन मिली विवाहिता की लाश, कुत्तों ने खोला खौफनाक राज; हत्या की आशंका

नवादा: बिहार के नवादा जिले में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। धनारजय नदी किनारे बालू में दफन एक विवाहिता का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। कई दिनों से लापता महिला की लाश कुत्तों द्वारा बालू खोदने के बाद सामने आई, जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सोमवार सुबह ग्रामीणों ने देखा कि नदी किनारे कई कुत्ते एक स्थान पर बालू खोद रहे हैं और आपस में लड़ रहे हैं। संदेह होने पर जब ग्रामीणों ने बालू हटाई तो महिला का चेहरा दिखाई दिया। शव से तेज दुर्गंध आ रही थी। सूचना मिलते ही सिरदला और अकबरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बालू हटाकर शव को बाहर निकाला। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया गया। मृतका की पहचान अकबरपुर थाना क्षेत्र के धोबघटी गांव निवासी प्रमिला देवी के रूप में हुई है। वह पिछले कई दिनों से लापता थीं और उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले ही अकबरपुर थाना में दर्ज कराई गई थी। परिजनों ने साड़ी और हाथ पर बने गोदने के निशान से शव की पहचान की। परिजनों के अनुसार, 2 जुलाई को विवाद की सूचना मिलने पर वे प्रमिला के घर पहुंचे थे। घर पर ताला लगा था, लेकिन अंदर पंखा चल रहा था। पुलिस की मौजूदगी में घर खोला गया तो प्रमिला और उसका पति दोनों गायब मिले। इसके बाद 4 जुलाई को गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। अकबरपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार सिन्हा ने बताया कि पुलिस हत्या के एंगल से पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद मौत के कारणों का खुलासा होगा। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और पुलिस ने जल्द मामले के खुलासे का दावा किया है। मिथिला हिन्दी न्यूज रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.