चलती ट्रेन में महिला का सामान चोरी, गुस्से में रुकवाई स्पेशल ट्रेन; एक घंटे तक प्रभावित रहा रेल परिचालन

समस्तीपुर: समस्तीपुर-दरभंगा रेलखंड पर सोमवार को उस समय रेल परिचालन करीब एक घंटे तक बाधित हो गया, जब 09466 दरभंगा-अहमदाबाद स्पेशल ट्रेन में यात्रा कर रही एक महिला का सामान चोरी हो गया। सामान नहीं मिलने पर महिला ने ट्रेन रुकवाकर खोजबीन की मांग की, जिससे रेलखंड पर कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। जानकारी के अनुसार, दरभंगा निवासी रीति झा स्पेशल ट्रेन से यात्रा कर रही थीं। यात्रा के दौरान उनका सामान चोरी हो गया। सामान गायब होने की जानकारी मिलते ही उन्होंने समस्तीपुर-दरभंगा रेलखंड पर गंडक कॉलोनी समपार फाटक के पास ट्रेन रुकवा दी और सामान बरामद करने की मांग करने लगीं। घटना की सूचना मिलते ही समस्तीपुर जंक्शन से आरपीएफ और रेल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला की शिकायत दर्ज कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद करीब एक घंटे बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना किया गया। ट्रेन के लंबे समय तक रुके रहने के कारण इस रेलखंड पर चलने वाली कई अन्य ट्रेनें भी विलंब से चलीं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। रेल थाना अध्यक्ष बीरबल कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। देर शाम किशनपुर और आसपास के क्षेत्रों में छापेमारी भी की गई, लेकिन समाचार लिखे जाने तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। मिथिला हिन्दी न्यूज रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.