👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
समस्तीपुर में दामाद ने ससुर का गला रेतकर की हत्या, पारिवारिक विवाद बना खून-खराबे की वजह
0
July 26, 2026
समस्तीपुर: जिले के मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के बनधारा रुपौली गांव में रविवार देर रात रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई। पारिवारिक विवाद के चलते एक दामाद ने अपने ही ससुर की तेजधार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल वृद्ध को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान बीजो दास के रूप में हुई है, जबकि हत्या का आरोप उजियारपुर थाना क्षेत्र के चांदचौर गांव निवासी उनके दामाद जितेंद्र दास पर लगा है। घटना के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया।
परिजनों के अनुसार, बीजो दास की बेटी और दामाद के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। कुछ दिन पहले बीजो दास अपनी बेटी को उसके ससुराल से मायके ले आए थे और दामाद को अपने व्यवहार में सुधार करने की सलाह दी थी। दोनों पक्षों के बीच समझौते के लिए पंचायत बुलाने की तैयारी भी चल रही थी।
बताया जाता है कि रविवार रात जितेंद्र दास अपने ससुराल पहुंचा। बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि उसने तेजधार हथियार से अपने ससुर के गले पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बीजो दास को परिजन तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही मुसरीघरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल की जांच की है।
एसडीपीओ संजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह पारिवारिक विवाद सामने आई है। आरोपित जितेंद्र दास की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने उसके घर पर भी दबिश दी, लेकिन वह फरार मिला। संभावित ठिकानों पर तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है.
— मिथिला हिंदी न्यूज
