नई दिल्ली: अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे में कथित हेरफेर के मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई जारी है। सुनवाई के दौरान अदालत ने कथित अनियमितताओं की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित किए जाने की संभावना पर जानकारी मांगी। साथ ही याचिकाकर्ताओं को यह भी कहा कि इस मुद्दे का राजनीतिकरण न किया जाए।
सुनवाई में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के बक्सर सांसद सुधाकर सिंह ने अदालत से बाहर मीडिया से बातचीत में कहा कि यह मामला केवल दान राशि में कथित गड़बड़ी का नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा है।
सुधाकर सिंह ने कहा, "यह सिर्फ पैसों की चोरी का मामला नहीं है, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था की भी चोरी है। देश के करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं के साथ खिलवाड़ हुआ है। इसी कारण हमें सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाना पड़ा।"
उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच होनी चाहिए, ताकि यदि किसी स्तर पर कोई अनियमितता हुई है तो सच्चाई सामने आ सके।
वहीं, सुप्रीम कोर्ट ने मामले की सुनवाई के दौरान जांच संबंधी पहलुओं पर जानकारी मांगी है और याचिकाकर्ताओं को राजनीतिक बयानबाजी से बचने की सलाह दी है। मामले की अगली सुनवाई में अदालत आगे की कार्रवाई पर विचार करेगी।