बिहार के रेल यात्रियों को बड़ी सौगात: पटना-अहमदाबाद स्पेशल ट्रेन चलेगी, दानापुर-बेंगलुरु और चर्लपल्ली स्पेशल का भी बढ़ा परिचालन

पटना: बिहार के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने पटना और अहमदाबाद के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। इसके साथ ही दानापुर–बेंगलुरु (एसएमवीबी) और दानापुर–चर्लपल्ली स्पेशल ट्रेनों के परिचालन की अवधि भी बढ़ा दी गई है, जिससे लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 09448 पटना–अहमदाबाद स्पेशल ट्रेन 17 जुलाई की रात 10:30 बजे पटना जंक्शन से रवाना होगी और तीसरे दिन सुबह 2:20 बजे अहमदाबाद पहुंचेगी। यह ट्रेन रास्ते में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन (पीडीडीयू), कानपुर, कोटा, रतलाम और छायापुरी सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। त्योहारों और छुट्टियों के दौरान बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और गुजरात के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को इससे काफी राहत मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा रेलवे ने दानापुर–सर एम. विश्वेश्वरैया टर्मिनल (बेंगलुरु) स्पेशल ट्रेन के परिचालन की अवधि भी बढ़ा दी है। यह ट्रेन 17 जुलाई से 31 अगस्त तक चलेगी। हालांकि 27 जुलाई और 1 अगस्त को इसका परिचालन नहीं होगा। वापसी में यह ट्रेन 19 जुलाई से 2 सितंबर तक चलेगी, लेकिन 29 जुलाई और 3 अगस्त को सेवा उपलब्ध नहीं रहेगी। इस स्पेशल ट्रेन में एसी-2, एसी-3, स्लीपर और जनरल श्रेणी सहित कुल 22 कोच लगाए जाएंगे। वहीं, दानापुर–चर्लपल्ली स्पेशल ट्रेन (07091/07092) का परिचालन भी बढ़ाया गया है। यह ट्रेन 18 और 25 जुलाई को चर्लपल्ली से तथा 20 और 27 जुलाई को दानापुर से रवाना होगी। इस ट्रेन में भी यात्रियों की सुविधा के लिए 22 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें एसी-2, एसी-3, स्लीपर और जनरल श्रेणी शामिल होगी। पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि इन सभी स्पेशल ट्रेनों का परिचालन पहले से निर्धारित रूट और समय-सारिणी के अनुसार ही किया जाएगा। रेलवे के इस निर्णय से बिहार के हजारों यात्रियों को त्योहार और छुट्टियों के मौसम में कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बढ़ेगी और लंबी दूरी की यात्रा पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक होगी। रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू मिथिला हिंदी न्यूज
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.