👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
पटना में पुलिस–बदमाश मुठभेड़: बंटी यादव हत्याकांड का मुख्य आरोपी रवीश उर्फ बिसिया गिरफ्तार, पैर में गोली लगने के बाद दबोचा गया
0
July 15, 2026
पटना: राजधानी पटना में गुरुवार तड़के पुलिस और कुख्यात अपराधी के बीच हुई मुठभेड़ में बंटी यादव अपहरण एवं हत्याकांड का मुख्य आरोपी रवीश कुमार उर्फ बिसिया गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल हालत में उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, गुप्त सूचना मिली थी कि बंटी यादव हत्याकांड के बाद फरार चल रहा रवीश उर्फ बिसिया हाजीपुर के रास्ते पटना में प्रवेश करने वाला है। सूचना के आधार पर कोतवाली थाना और बुद्धा कॉलोनी थाना की संयुक्त टीम ने गुरुवार सुबह करीब 3 बजे बुद्धा कॉलोनी थाना क्षेत्र के एलएनटी घाट से पूरब बांस घाट जाने वाले कच्चे रास्ते पर घेराबंदी की।
जैसे ही पुलिस टीम आरोपी के करीब पहुंची, उसने कथित तौर पर पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी की ओर से चलाई गई एक गोली कोतवाली थाना प्रभारी की सरकारी गाड़ी के बोनट में जा लगी। इस दौरान वाहन में मौजूद पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
पुलिस के अनुसार, आरोपी द्वारा फायरिंग किए जाने के बाद आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें रवीश उर्फ बिसिया के दाहिने पैर के घुटने के नीचे गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और इलाज के लिए पीएमसीएच भेज दिया।
घटनास्थल पर लॉ एंड ऑर्डर एएसपी कृष्ण मुरारी प्रसाद, डीआईयू (DIU) और एसआईयू (SIU) की टीमें भी पहुंचीं। पुलिस ने मौके से एक लोडेड देसी कट्टा, आरोपी की चप्पलें तथा अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। बरामद सामग्री को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
गौरतलब है कि 6 जुलाई को पटना जंक्शन के समीप टाटा पार्क इलाके से बंटी यादव का अपहरण किया गया था। इसके पांच दिन बाद 11 जुलाई को उसकी लाश अथमलगोला क्षेत्र से बरामद हुई थी। पुलिस के अनुसार मामले की जांच के दौरान रवीश उर्फ बिसिया को मुख्य आरोपी के रूप में चिन्हित किया गया था और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया था कि बंटी की हत्या बेहद बेरहमी से की गई। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
मिथिला हिंदी न्यूज
