👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
बिहार में रैपिड रेल को मंजूरी, पटना से चार शहरों तक हाई-स्पीड ट्रेन दौड़ाने की तैयारी
0
July 09, 2026
पटना: बिहार सरकार ने राज्य में आधुनिक परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में पटना को गया, भागलपुर, सोनपुर–मुजफ्फरपुर और आरा से जोड़ने वाली रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) परियोजना को मंजूरी दे दी गई है। सरकार ने रूट निर्धारण और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने के लिए 31.59 करोड़ रुपये की स्वीकृति भी दे दी है।
इस परियोजना के तहत रैपिड रेल की अधिकतम गति 160 किमी प्रति घंटा तक होगी, जिससे यात्रा का समय काफी कम हो जाएगा। पटना से मुजफ्फरपुर का सफर, जो अभी सामान्य ट्रेनों से लगभग तीन घंटे और वंदे भारत से करीब डेढ़ घंटे में पूरा होता है, रैपिड रेल शुरू होने के बाद लगभग एक घंटे में पूरा होने की उम्मीद है।
पूरी तरह वातानुकूलित कोच, आरामदायक सीटें, मोबाइल चार्जिंग, डिजिटल डिस्प्ले और प्रीमियम सुविधाओं से लैस यह रैपिड रेल परियोजना दिल्ली–मेरठ RRTS मॉडल पर विकसित की जाएगी। सरकार का मानना है कि इससे बिहार में व्यापार, उद्योग, पर्यटन, शिक्षा और रोजगार को नई गति मिलेगी।
— मिथिला हिंदी न्यूज़
रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू, संपादक
