👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
DMCH में मरीज के परिजन से कथित मारपीट! इलाज की जानकारी मांगने पर डॉक्टर और कर्मचारियों पर गंभीर आरोप
0
July 30, 2026
दरभंगा: उत्तर बिहार के सबसे बड़े अस्पताल Darbhanga Medical College and Hospital में इलाज कराने आए एक मरीज के परिजन के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि मरीज की बीमारी और ऑपरेशन की जानकारी मांगने पर जूनियर डॉक्टर, ट्रॉलीमैन और अन्य कर्मचारियों ने परिजन के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं।
जानकारी के अनुसार, मधुबनी जिले के बिस्फी थाना क्षेत्र के नरशाम गांव निवासी अनिल महतो को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए डीएमसीएच रेफर किया गया था। इमरजेंसी वार्ड में जांच के दौरान डॉक्टरों ने ऑपरेशन की आवश्यकता बताई।
इसी दौरान मरीज के भाई जितेंद्र महतो ने डॉक्टर से बीमारी और ऑपरेशन की प्रक्रिया के बारे में जानकारी मांगी। आरोप है कि इसी बात को लेकर पहले कहासुनी हुई और फिर विवाद बढ़ने पर उनके साथ मारपीट की गई।
पीड़ित जितेंद्र महतो का आरोप है कि डॉक्टर के साथ मौजूद ट्रॉलीमैन और अन्य कर्मचारियों ने भी उनके साथ मारपीट की। घटना में उनके चेहरे और पीठ पर चोटें आईं तथा कपड़े भी फट गए। उनका कहना है कि वे केवल अपने भाई की स्वास्थ्य स्थिति और इलाज की जानकारी लेना चाहते थे।
घटना के बाद पीड़ित ने डीएमसीएच अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्रा को लिखित शिकायत सौंपकर मामले की जांच की मांग की। शिकायत मिलने के बाद अधीक्षक ने सर्जरी विभाग को पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।
वहीं, पीड़ित ने बेंता थाना में भी आवेदन देकर संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है। फिलहाल अस्पताल प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
— मिथिला हिन्दी न्यूज
