👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
मिथिलांचल का सपना साकार होने की ओर! दरभंगा AIIMS निर्माण शुरू, 750 बेड के अस्पताल से बदलेगी उत्तर बिहार की स्वास्थ्य व्यवस्था
0
July 30, 2026
दरभंगा: मिथिलांचल और पूरे उत्तर बिहार के लिए बड़ी खुशखबरी है। बहुप्रतीक्षित दरभंगा AIIMS के निर्माण की प्रक्रिया अब जमीन पर उतर चुकी है। शोभन-एकमी बाइपास स्थित चयनित भूमि पर मिट्टी भराई और समतलीकरण का कार्य शुरू हो गया है। इसके साथ ही वर्षों से लंबित AIIMS परियोजना ने रफ्तार पकड़ ली है।
जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद Sanjay Jha ने बताया कि पिछले दो महीनों से इस परियोजना को गति देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे और अब निर्माण कार्य शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि यह मिथिलांचल के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
जल संसाधन विभाग को भूमि समतलीकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। योजना के तहत तीन चरणों में करीब 25 लाख घनमीटर मिट्टी भरी जाएगी। इसके लिए खिरोई, बागमती, मरने कमला, लखनदेई, करेह, बुढ़नद और मोहिनी नदियों से निकाली गई गाद का उपयोग किया जाएगा। सरकार ने इस कार्य के लिए 184.65 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। साथ ही, बारिश के पानी के जमाव से बचाव के लिए निर्माण स्थल के चारों ओर रिंग बांध भी बनाया जाएगा।
दरभंगा AIIMS बनने के बाद उत्तर बिहार के लाखों लोगों को गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए दिल्ली या पटना नहीं जाना पड़ेगा। इस संस्थान में 750 बेड, 100 MBBS सीटें और कई सुपर स्पेशलिटी विभाग स्थापित किए जाएंगे। केंद्र सरकार ने इस परियोजना की लागत पहले 1,264 करोड़ रुपये निर्धारित की थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 2,006 करोड़ रुपये कर दिया गया।
AIIMS निर्माण कार्य शुरू होने से मिथिलांचल के लोगों में खुशी की लहर है। माना जा रहा है कि यह परियोजना स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ रोजगार, शिक्षा और क्षेत्रीय विकास को भी नई दिशा देगी।
— मिथिला हिन्दी न्यूज
