👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
झूठे शटडाउन ने ली राहुल की जान! जांच रिपोर्ट में विद्युत विभाग की बड़ी लापरवाही उजागर, दोषी ऑपरेटर फरार
0
July 30, 2026
समस्तीपुर: मगरदही स्थित 33/11 केवी विद्युत शक्ति उपकेंद्र (PSS) में 27 जुलाई को हुए दर्दनाक हादसे की संयुक्त जांच रिपोर्ट ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच में सामने आया है कि मानवबल राहुल कुमार की मौत महज हादसा नहीं, बल्कि कथित लापरवाही और गलत सूचना का नतीजा थी।
रिपोर्ट के अनुसार, 27 जुलाई की सुबह डीसीआर फीडर का फ्यूज उड़ने की सूचना मिलने पर मानवबल राहुल कुमार मरम्मत कार्य के लिए मौके पर पहुंचे। आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात स्विचबोर्ड ऑपरेटर रवि रंजन कुमार ने उन्हें बताया कि फीडर का शटडाउन कर दिया गया है। इसी भरोसे राहुल बिजली के पोल पर चढ़ गए।
हालांकि, जांच के दौरान खुलासा हुआ कि शटडाउन रजिस्टर में इस संबंध में कोई प्रविष्टि दर्ज नहीं थी। सुबह करीब 9:50 बजे जैसे ही राहुल कुमार ने बिजली के तार को छुआ, वे 11 हजार वोल्ट की हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। बाद में उनकी मौत हो गई।
जांच रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि हादसे के बाद आरोपित ऑपरेटर रवि रंजन कुमार अपना मोबाइल फोन बंद कर मौके से फरार हो गया। इसके बाद विद्युत कार्यपालक अभियंता आनंद कुमार ने अधीक्षण अभियंता को पत्र लिखकर संबंधित ऑपरेटर के खिलाफ कड़ी विभागीय एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए अधीक्षण अभियंता ई. गौरव कुमार ने मगरदही पीएसएस पहुंचकर शटडाउन रजिस्टर और अन्य अभिलेखों की जांच की। उन्होंने सभी विद्युत उपकेंद्रों के अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि शटडाउन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गलत सूचना बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
फिलहाल विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। इस घटना ने बिजली विभाग की सुरक्षा व्यवस्था और शटडाउन प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
— मिथिला हिन्दी न्यूज
