बांकीपुर में वोटिंग के बीच गरमाई सियासत, तेजस्वी बोले- '3 अगस्त को बांकीपुर में जलेगा लालटेन', बूथ पर भाजपा-जन सुराज समर्थकों में झड़प

पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए मतदान के दौरान राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म रहा। एक ओर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की जीत का दावा किया, वहीं दूसरी ओर कई मतदान केंद्रों के बाहर भाजपा और जन सुराज के समर्थकों के बीच तीखी नोकझोंक और हाथापाई की घटनाएं सामने आईं। मतदान के दौरान तेजस्वी यादव ने कहा कि राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता को हर वर्ग का समर्थन मिला है और बांकीपुर से बड़ी जीत मिलने जा रही है। उन्होंने दावा किया कि 3 अगस्त को आने वाले नतीजे में बांकीपुर में लालटेन ही जलेगा। तेजस्वी ने कहा कि यह चुनाव पूरे देश के लिए संदेश होगा और भाजपा अपने मजबूत गढ़ माने जाने वाले बांकीपुर में हार का सामना करेगी। तेजस्वी यादव ने चुनाव प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि राजद उम्मीदवार रेखा गुप्ता के चुनाव चिन्ह और क्रमांक संख्या को धुंधला कर दिया गया। उन्होंने कहा कि राजद के साथ हर चुनाव में ऐसा करने की कोशिश की जाती है। कम मतदान प्रतिशत पर उन्होंने दावा किया कि भाजपा के समर्थक इस बार मतदान के लिए घरों से नहीं निकले। इधर, मतदान समाप्त होने से पहले ए.एन. कॉलेज के पास भाजपा और जन सुराज समर्थकों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर के मौके पर पहुंचने के बाद तनाव और बढ़ गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। वहीं एसके पुरी क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर भी भाजपा और जन सुराज के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया। प्रशांत किशोर के बूथ पर पहुंचते ही भाजपा समर्थकों ने "चप्पा-चप्पा भाजपा", "जय श्री राम" और "प्रशांत किशोर गो बैक" के नारे लगाए। माहौल तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए प्रशांत किशोर को सुरक्षित वहां से बाहर निकाला। अब सभी की निगाहें 3 अगस्त को आने वाले चुनाव परिणाम पर टिकी हैं, जब यह साफ होगा कि बांकीपुर की जनता ने किस पर भरोसा जताया। — मिथिला हिन्दी न्यूज
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.