बिहार के 12 जिलों में मौसम विभाग का अलर्ट, 5 में ऑरेंज और 7 में येलो अलर्ट

बिहार में मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। राज्य के कुछ जिलों में बारिश तो कई इलाकों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। इस बीच मौसम विभाग ने आज 12 जिलों में अलर्ट जारी किया है। इनमें 5 जिलों में ऑरेंज और 7 जिलों में येलो अलर्ट है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली और समस्तीपुर में येलो अलर्ट है। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी वाली हवाओं और कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से उत्तर और पश्चिमी बिहार में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं। मानसून ट्रफ लाइन के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में सक्रिय रहने के कारण उत्तर बिहार में बारिश हो रही है, जबकि दक्षिण बिहार में मानसून का प्रभाव कमजोर रहने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक बिहार में इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना जताई है। 17 अगस्त को दक्षिण बिहार के कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है, जबकि उत्तर बिहार और सीमांचल में भी मानसून सक्रिय रहेगा। 18 अगस्त को पश्चिम चंपारण, सीवान, सारण समेत उत्तर और दक्षिण बिहार के कई जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटे में अधिकांश जिलों में बारिश की गतिविधियां सीमित रहीं। पटना, मुजफ्फरपुर, गया, मोतिहारी और दरभंगा समेत कई जिलों में धूप-छांव का दौर जारी रहा। कई जिलों के तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, राजधानी पटना में आज उमस लोगों को परेशान कर सकती है। सुबह से धूप खिली हुई है, लेकिन दोपहर बाद मौसम में बदलाव और कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। पटना में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मिथिला हिंदी न्यूज | संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.