भोजपुर में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बुलेट सवार युवक को मारी टक्कर, इलाज के दौरान मौत; चालक फरार

भोजपुर: उदवंतनगर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। आरा-सासाराम स्टेट हाईवे पर दुलारपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बुलेट सवार युवक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान आरा सदर अस्पताल में उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के गंगहर गांव निवासी 20 वर्षीय सुशांत सिंह उर्फ छोटू कुमार सिंह के रूप में हुई है। सुशांत बीए पार्ट थर्ड का छात्र था। परिजनों के अनुसार, शनिवार दोपहर सुशांत किसी काम से बुलेट से दुलारपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान दुलारपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और सुशांत को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले गए। अस्पताल की इमरजेंसी वार्ड में इलाज के दौरान उसकी हालत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की सूचना मिलने पर टाउन थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। वहीं उदवंतनगर थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए तलाश कर रही है। पुलिस दुर्घटना की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है। सुशांत दो भाइयों में बड़ा था। उसकी मां किरण देवी और छोटा भाई सूर्य सिंह हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.