👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
मधुबनी में 80वें स्वतंत्रता दिवस पर शान से फहराया तिरंगा, प्रभारी मंत्री लेशी सिंह ने गिनाईं विकास की उपलब्धियां
0
August 15, 2026
मधुबनी: जिला मुख्यालय स्थित पुलिस केंद्र में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। मुख्य समारोह में जिले की प्रभारी मंत्री लेशी सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। इससे पहले उन्होंने डीएम आनंद शर्मा और एसपी योगेंद्र कुमार के साथ परेड का निरीक्षण किया।
समारोह में पुलिस जवानों, महिला होमगार्ड और स्काउट-गाइड की टुकड़ियों ने शानदार परेड प्रस्तुत की। परेड में एसएसबी की टुकड़ी को प्रथम, महिला होमगार्ड को द्वितीय और स्काउट-गाइड की टुकड़ी को तृतीय पुरस्कार दिया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने मधुबनी के स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि जिले के वीर सपूतों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके त्याग और बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों के अनुरूप विकास और सामाजिक न्याय के रास्ते पर आगे बढ़ना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
प्रभारी मंत्री ने जिले में चल रही विकास योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि गरीबों, वंचितों और अल्पसंख्यकों तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रशासन लगातार काम कर रहा है। जिले के सभी 21 प्रखंडों में आदर्श माध्यमिक विद्यालय स्थापित किए गए हैं, जबकि सात प्रखंडों में नए राजकीय डिग्री कॉलेज खोले गए हैं। इस वर्ष दो नए केंद्रीय विद्यालयों की स्थापना भी की गई है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पोशाक योजना और साइकिल योजना के तहत पात्र विद्यार्थियों के खातों में राशि भेजी गई है, ताकि आर्थिक तंगी के कारण किसी बच्चे की पढ़ाई बाधित न हो। खाद्य सुरक्षा योजना के तहत पात्र लाभुकों को प्रत्येक माह निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराने की बात भी कही गई।
समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। वहीं सात महिलाओं को बासगीत पर्चा भी वितरित किया गया।
मुख्य समारोह के बाद समाहरणालय समेत जिले के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में भी ध्वजारोहण किया गया। डीएम आनंद शर्मा ने समाहरणालय परिसर, एसडीओ चंदन कुमार झा ने सदर अनुमंडल कार्यालय और डीडीसी सुमन कुमार साह ने उप विकास आयुक्त कार्यालय में तिरंगा फहराया। जिला परिषद कार्यालय में अध्यक्ष बिंदु गुलाब यादव और नगर निगम कार्यालय में मेयर अरुण राय ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधि, कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। पूरे जिले में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
