👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 14 IAS अधिकारियों का तबादला; पांच जिलों के DM बदले
0
August 17, 2026
बिहार सरकार ने सोमवार की देर शाम बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए पटना प्रमंडल के आयुक्त समेत 14 IAS अधिकारियों का तबादला कर दिया। इसके साथ ही चार IAS अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। ग्रामीण विकास, गृह, वित्त, निगरानी, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन, समाज कल्याण, PHED और शिक्षा विभाग समेत कई महत्वपूर्ण विभागों में नए सचिवों की तैनाती की गई है।
सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना के अनुसार, PHED के प्रधान सचिव राजेश कुमार को पटना प्रमंडल का नया आयुक्त बनाया गया है। पटना प्रमंडल के निवर्तमान आयुक्त मयंक वरवड़े को निगरानी विभाग के प्रधान सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। समाज कल्याण विभाग के अपर मुख्य सचिव एचआर श्रीनिवास को ग्रामीण विकास विभाग का अपर मुख्य सचिव बनाया गया है, जबकि ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव पंकज कुमार को गृह विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है।
नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार को वित्त विभाग का प्रधान सचिव बनाया गया है। उनके पास नगर विकास एवं आवास विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। वित्त विभाग के सचिव संजय कुमार सिंह को मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वह वाणिज्य कर, GST और मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव के अतिरिक्त प्रभार में पूर्ववत बने रहेंगे।
लघु जल संसाधन विभाग के सचिव बी. कार्तिकेय धनजी को PHED विभाग का सचिव बनाया गया है। उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन को शिक्षा विभाग के सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं विनोद सिंह गुंजियाल को समाज कल्याण विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
अरविंद कुमार चौधरी को बिपार्ड के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार मिला है। जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह को लघु जल संसाधन विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के विशेष सचिव नवदीप शुक्ला को बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के परियोजना निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
प्रशासनिक फेरबदल में पांच जिलों के जिलाधिकारी भी बदले गए हैं। खान निदेशक मनेश कुमार मीणा को भोजपुर का नया डीएम बनाया गया है। सीतामढ़ी के डीएम रिची पांडेय को बेगूसराय का नया डीएम बनाया गया है। नगर विकास एवं आवास विभाग के अपर सचिव विजय प्रकाश मीणा को सीवान का डीएम बनाया गया है।
भोजपुर के डीएम तनय सुल्तानिया को सीतामढ़ी का नया जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड के एमडी कुमार अनुराग को कैमूर का डीएम नियुक्त किया गया है।
मिथिला हिन्दी न्यूज
संपादक: रोहित कुमार सोनू
