बांकीपुर में प्रशांत किशोर की ऐतिहासिक जीत, 19,246 वोटों से भाजपा को हराकर बने विधायक

मिथिला हिन्दी न्यूज | रोहित कुमार सोनू
पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने शानदार जीत दर्ज करते हुए भाजपा के 31 वर्षों पुराने गढ़ को ध्वस्त कर दिया। 32वें राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद प्रशांत किशोर को कुल 63,946 वोट मिले, जबकि भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को 44,700 वोट प्राप्त हुए। इस तरह प्रशांत किशोर ने 19,246 वोटों के बड़े अंतर से जीत हासिल की। वहीं राजद उम्मीदवार को 14,241 वोट मिले। जीत के बाद बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पर प्रशांत किशोर को बधाई देते हुए कहा कि जनता के फैसले का सम्मान करते हैं और उन्हें जीत की हार्दिक शुभकामनाएं देते हैं। बांकीपुर उपचुनाव का परिणाम बिहार की राजनीति में बड़े बदलाव का संकेत माना जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि भाजपा को इस चुनाव में अपने पारंपरिक साइलेंट वोटरों का अपेक्षित समर्थन नहीं मिल सका, जबकि प्रशांत किशोर को ऐसे मतदाताओं का भरपूर साथ मिला जो प्रचार में कम लेकिन मतदान के दिन निर्णायक साबित हुए। राजद के परंपरागत वोट बैंक के एक हिस्से ने भी जन सुराज का समर्थन किया। विश्लेषकों के अनुसार भाजपा की हार के पीछे उम्मीदवार चयन में बदलाव, स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं की नाराजगी, मुख्यमंत्री परिवर्तन के बाद बना राजनीतिक माहौल तथा स्थानीय मुद्दों पर कमजोर पकड़ जैसे कारण रहे। दूसरी ओर प्रशांत किशोर ने बड़े रोड शो की बजाय घर-घर जनसंपर्क, छोटी बैठकों और सीधे मतदाताओं से संवाद की रणनीति अपनाई, जिसका उन्हें लाभ मिला। इस जीत के साथ जन सुराज ने पहली बार बिहार विधानसभा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। भले ही पार्टी का फिलहाल एक ही विधायक होगा, लेकिन प्रशांत किशोर अब बिहार की राजनीति के प्रमुख चेहरों में शामिल हो गए हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस जीत का असर आगामी विधानसभा चुनावों में भी देखने को मिल सकता है। — मिथिला हिन्दी न्यूज
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.