बिहार में फिर एक्टिव हुआ मानसून, पटना में सुबह से बारिश; 24 जिलों में येलो अलर्ट, 48 घंटे भारी

बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। राजधानी पटना में बुधवार सुबह से ही बारिश का दौर जारी है। आसमान में घने बादल छाए हुए हैं और बारिश के कारण मौसम सुहाना हो गया है। मौसम विभाग ने आज राज्य के 24 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। कई स्थानों पर तेज हवा के साथ बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, बक्सर, भोजपुर, पटना, औरंगाबाद और गया समेत 24 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी आशंका जताई गई है। पटना समेत कई इलाकों में सुबह के समय मौसम सामान्य से सुहाना बना हुआ है। हालांकि, दिन बढ़ने के साथ बारिश का दायरा बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने खराब मौसम के दौरान लोगों से सावधानी बरतने और खुले स्थानों पर जाने से बचने की अपील की है। इधर, नेपाल के तराई क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर बिहार की नदियों के जलस्तर पर भी दिखाई देने लगा है। कई नदियों का पानी लगातार बढ़ रहा है। इससे सीमावर्ती और निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन की ओर से भी नदी के जलस्तर और संभावित बाढ़ की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। बेगूसराय में गंगा नदी के जलस्तर में भी लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। यहां गंगा का पानी खतरे के निशान से 83 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। बाढ़ के पानी से 50 हजार से अधिक लोगों की आबादी प्रभावित होने की बात सामने आई है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है। मौसम विभाग के बारिश और वज्रपात संबंधी अलर्ट के साथ नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए अगले 48 घंटे बिहार के लिए बेहद महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। एक ओर जहां कई जिलों में बारिश से राहत मिलने की उम्मीद है, वहीं दूसरी ओर लगातार बढ़ते नदी के जलस्तर के कारण बाढ़ प्रभावित इलाकों में चिंता बढ़ गई है। मिथिला हिन्दी न्यूज संपादक: रोहित कुमार सोनू
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

إرسال تعليق

0 تعليقات
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.