👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
मुजफ्फरपुर में जमीन कब्जे के मामले में बेलसंड विधायक की बढ़ीं मुश्किलें, 25 FIR दर्ज; गिरफ्तारी वारंट के लिए आज कोर्ट जाएगी पुलिस
0
أغسطس 26, 2026
मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र के झपहां उदन में जमीन पर कथित जबरन कब्जे और निर्माणाधीन मकानों व बाउंड्री तोड़े जाने के मामले में बेलसंड विधायक अमित कुमार रानू की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। मामले में अब तक कुल 25 प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं। इनमें आठ मामलों में विधायक को नामजद आरोपी बनाया गया है। मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र के अनुसार, विधायक की गिरफ्तारी के वारंट के लिए पुलिस बुधवार को न्यायालय में अर्जी दाखिल करेगी। वारंट जारी होने के बाद पुलिस उनकी गिरफ्तारी की कार्रवाई करेगी।
झपहां उदन में जमीन पर कब्जे के दौरान 50 से अधिक निर्माणाधीन मकानों और बाउंड्री को जेसीबी से तोड़े जाने के आरोप के बाद पीड़ितों के बयान पर अहियापुर थाने में अब तक 22 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। इसके अलावा पुलिस के साथ धक्का-मुक्की, बदसलूकी और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में अहियापुर और कच्ची-पक्की ओपी में तीन अलग प्राथमिकी दर्ज हुई हैं। इस तरह कुल मामलों की संख्या 25 हो गई है।
इन 25 प्राथमिकी में आठ मामलों में बेलसंड विधायक अमित कुमार रानू को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस अब सभी मामलों में दर्ज आरोपों, वीडियो फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
पुलिस विधायक के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार, सीतामढ़ी जिले के रून्नीसैदपुर थाने में विधायक के खिलाफ रंगदारी, चोरी की संपत्ति रखने, जबरन वसूली और धमकी देने से संबंधित एक मामला पहले से दर्ज है। जिला पुलिस ने इस मामले की जानकारी और वर्तमान स्थिति जानने के लिए रून्नीसैदपुर थाना पुलिस से संपर्क किया है। इसके अलावा विधायक से जुड़े अन्य आपराधिक मामलों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
वहीं, मामले में विधायक के भाई अभिनव उर्फ सोनू सिंह की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस झपहां उदन की घटना में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान कर रही है। एसएसपी के अनुसार, कथित प्रोटेक्शन गैंग से जुड़े लोगों की पहचान के लिए घटनास्थल के वीडियो फुटेज की जांच की जा रही है।
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने कहा कि शहर के विस्तार के साथ कांटी, मुसहरी, तुर्की, मनियारी, कच्ची-पक्की, करजा, अहियापुर, झपहां और बोचहां जैसे इलाकों में जमीन की कीमत तेजी से बढ़ी है। ऐसे में जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश करने वाले भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी भू-माफिया को बख्शा नहीं जाएगा।
एसएसपी ने यह भी कहा कि यदि किसी पुलिसकर्मी की भू-माफिया या ऐसे गिरोह से मिलीभगत की जानकारी या साक्ष्य सामने आते हैं तो उसकी भी जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विवादित जमीन के संबंध में पुलिस ने बोचहां के अंचलाधिकारी से भी जानकारी मांगी थी। एसएसपी के अनुसार, अंचलाधिकारी की रिपोर्ट में बताया गया कि वहां रहने वाले लोग करीब चार वर्षों से जमीन पर निर्माण कर रह रहे थे। उनका म्यूटेशन हो चुका था और जमीन की रसीद भी कट रही थी। इसके बावजूद संगठित आपराधिक गिरोह के माध्यम से जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश किए जाने की बात सामने आई है।
मामले में विधायक के एक रिश्तेदार के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार, नामजद आरोपी अभिषेक सोनू सिंह की गिरफ्तारी के लिए टीम कच्ची-पक्की ओपी क्षेत्र में विधायक के एक रिश्तेदार के यहां पहुंची थी। आरोप है कि वहां विधायक के रिश्तेदार ने पुलिस टीम को धमकी दी और सरकारी काम में बाधा डाली। इस मामले को लेकर भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।
अब पुलिस की नजर विधायक के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट पर है। बुधवार को न्यायालय में अर्जी दाखिल किए जाने के बाद कोर्ट के आदेश के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी। साथ ही पुलिस नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी और घटनास्थल के वीडियो फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की जांच के जरिए पूरे मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है।
मिथिला हिन्दी न्यूज
संपादक: रोहित कुमार सोनू
