👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
दरभंगा में तेल मिल लगाने पर मिलेगा 9.90 लाख तक अनुदान, 15 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन
0
أغسطس 26, 2026
दरभंगा जिले में तिलहन प्रसंस्करण और तेल उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए कृषि विभाग ने नई पहल शुरू की है। अब 10 टन क्षमता वाली नई तेल प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने वाले पात्र आवेदकों को परियोजना लागत का 33 प्रतिशत या अधिकतम 9.90 लाख रुपये तक अनुदान दिया जाएगा। योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 15 अगस्त से शुरू हो चुकी है और इच्छुक आवेदक 15 सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं।
राष्ट्रीय खाद्य तेल-तिलहन मिशन के तहत तेल मिल और प्रसंस्करण इकाइयों की स्थापना को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इच्छुक आवेदक डीबीटी पोर्टल या बिहार कृषि ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। योजना का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर तिलहन के प्रसंस्करण और तेल निष्कर्षण को बढ़ावा देना है, ताकि किसानों को अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिल सके।
योजना का लाभ सरकारी या निजी उद्यम, किसान उत्पादक संगठन यानी एफपीओ/वीसीपी, पंजीकृत स्टार्टअप और सहकारी समितियां ले सकती हैं। हालांकि, अनुदान केवल नई 10 टन क्षमता वाली तेल प्रसंस्करण इकाई स्थापित करने पर ही मिलेगा। एफपीओ के लिए कम से कम दो वर्षों से पंजीकृत और संचालित होना जरूरी है। इसके अलावा परियोजना लागत का न्यूनतम 15 प्रतिशत हिस्सा आवेदक को स्वयं वहन करना होगा।
कृषि विभाग के अनुसार, पात्र आवेदक को परियोजना लागत का 33 प्रतिशत या अधिकतम 9.90 लाख रुपये तक अनुदान दिया जाएगा। हालांकि जमीन, बिजली, श्रम और अन्य परिचालन खर्च को परियोजना लागत में शामिल नहीं किया जाएगा। इसलिए आवेदकों को इन खर्चों की अलग से व्यवस्था करनी होगी।
इस योजना से जिले में तिलहन की स्थानीय स्तर पर प्रोसेसिंग और तेल उत्पादन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। किसानों को अपनी उपज का मूल्य संवर्धन करने का अवसर मिलेगा, जबकि तेल उत्पादन से जुड़े कारोबार और रोजगार के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं। सरकार का उद्देश्य तिलहन उत्पादन बढ़ाने के साथ किसानों की आय के अतिरिक्त स्रोत तैयार करना है।
कृषि विभाग के अनुसार, सात निश्चय-3 और राष्ट्रीय खाद्य तेल-तिलहन मिशन के तहत तिलहन उत्पादन बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। किसानों को उन्नत बीज उपलब्ध कराने, सरसों समेत विभिन्न तिलहनी फसलों की एमएसपी पर खरीद और कम बारिश की स्थिति में सिंचाई के लिए डीजल अनुदान जैसी सुविधाएं भी दी जा रही हैं।
इच्छुक और पात्र आवेदकों को निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। योजना का लाभ लेने के लिए आवेदन प्रक्रिया और पात्रता से संबंधित शर्तों को ध्यान से पढ़कर ही आवेदन करने की सलाह दी गई है।
मिथिला हिन्दी न्यूज
संपादक: रोहित कुमार सोनू
