पटना में घर के बाहर टहल रहे 24 वर्षीय युवक को मारी चार गोलियां, बाइक सवार तीन बदमाश फरार

पटना के रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र में बाइक सवार तीन बदमाशों ने घर के बाहर टहल रहे 24 वर्षीय युवक शुभम कुमार यादव को सरेआम चार गोलियां मार दीं। गोली लगने से शुभम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना मंगलवार देर रात भूपतिपुर ज्योतिष बाबा रोड के पास की है। जानकारी के अनुसार, शुभम खाना खाने के बाद घर से बाहर टहलने निकला था। इसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे और अचानक उस पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों ने लगातार चार गोलियां चलाईं, जिससे शुभम मौके पर ही गिर पड़ा। वारदात के बाद तीनों बदमाश हथियार लहराते हुए बाइक से फरार हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने के बाद रामकृष्ण नगर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के मुताबिक, शुभम कुमार यादव प्रॉपर्टी डीलिंग के काम से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। पुलिस जमीन या प्रॉपर्टी विवाद, आपसी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। पटना सदर एसडीपीओ-2 रंजन कुमार ने बताया कि शुभम को गोली मारे जाने की सूचना मिली थी। घायल का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। गोलीबारी के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। फिलहाल मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.