👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
टीआरई-3 शिक्षकों की होगी जांच, एनआईओएस डीएलएड वालों की मांगी गई नामवार सूची
0
August 01, 2026
पटना: बिहार में टीआरई-3 के तहत नियुक्त उन विद्यालय अध्यापकों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं, जिन्होंने राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान (NIOS) से 18 माह का डीएलएड प्रशिक्षण प्राप्त किया है। शिक्षा विभाग ने ऐसे शिक्षकों की नामवार सूची तलब कर जांच प्रक्रिया तेज कर दी है।
विभाग के निर्देश पर डीपीओ (स्थापना) ने सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों (बीईओ) को पत्र जारी कर दो दिनों के भीतर सत्यापित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को कहा है।
विभागीय पत्र के अनुसार, विज्ञापन संख्या 22/2024 (टीआरई-3) के तहत नियुक्त उन सभी विद्यालय अध्यापकों का विवरण मांगा गया है, जिन्होंने एनआईओएस से 18 माह का डीएलएड प्रशिक्षण प्राप्त किया है।
प्रतिवेदन में संबंधित शिक्षक का नाम, विद्यालय का नाम, नियुक्ति पत्रांक एवं दिनांक, एनआईओएस डीएलएड प्रशिक्षण का सत्र, उत्तीर्ण वर्ष सहित अन्य आवश्यक विवरण दर्ज करने का निर्देश दिया गया है।
डीपीओ (स्थापना) ने सभी बीईओ को निर्देश दिया है कि संबंधित शिक्षकों का प्रतिवेदन तैयार कर उसका सत्यापन कराते हुए पत्र प्राप्ति के दो दिनों के भीतर जिला कार्यालय को उपलब्ध कराया जाए। इसके बाद जिला स्तर पर सभी प्रखंडों से प्राप्त रिपोर्ट का समेकन कर प्राथमिक शिक्षा निदेशालय, बिहार, पटना को भेजा जाएगा।
एनआईओएस से 18 माह के डीएलएड प्रशिक्षण प्राप्त शिक्षकों की अलग से जानकारी मांगे जाने के बाद टीआरई-3 के तहत हुई नियुक्तियां विभाग की विशेष निगरानी में आ गई हैं। विभाग प्रशिक्षण सत्र और उत्तीर्ण वर्ष सहित उपलब्ध कराए गए विवरण का मिलान करेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: रोहित कुमार सोनू
संपादक, मिथिला हिन्दी न्यूज
