रक्षाबंधन पर बहन के घर जा रहे परिवार की खुशियां मातम में बदलीं, हादसे में 5 साल के मासूम की मौत

मिथिला हिन्दी न्यूज संपादक: रोहित कुमार सोनू दरभंगा: रक्षाबंधन का त्योहार मनाने बहन के घर जा रहे एक परिवार की खुशियां शुक्रवार को दर्दनाक सड़क हादसे में बदल गईं। कमतौल थाना क्षेत्र के बड़की लाधा गांव निवासी जय नारायण यादव अपनी पत्नी और दो मासूम बच्चों के साथ तारसराय-मुरिया स्थित बहन के घर जा रहे थे। इसी दौरान सदर थाना क्षेत्र के जीवछ घाट के समीप पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में जय नारायण यादव के पांच वर्षीय बेटे सुधांशु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी और एक वर्षीय बेटा मयंक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, जय नारायण यादव शुक्रवार दोपहर अपनी पत्नी और दोनों बच्चों के साथ रक्षाबंधन मनाने बहन के घर के लिए निकले थे। करीब तीन बजे उनका परिवार जीवछ घाट के पास पहुंचा था। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार पूरा परिवार सड़क पर गिरकर घायल हो गया। हादसे में पांच वर्षीय सुधांशु को गंभीर चोट लगी और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं जय नारायण यादव की पत्नी और एक वर्षीय बेटा मयंक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का इलाज कराया जा रहा है। घटना के बाद टक्कर मारने वाला अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मृत बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है। रक्षाबंधन के मौके पर जिस बहन के घर भाई के आने और राखी बांधने की तैयारी हो रही थी, वहां अचानक मातम पसर गया। राखी की खुशियां मनाने निकला परिवार हादसे का शिकार हो गया और पांच वर्षीय मासूम सुधांशु की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। घटना की खबर बड़की लाधा गांव पहुंचते ही वहां भी शोक की लहर दौड़ गई। त्योहार की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.