छठ पर दिल्ली से बिहार आने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी: 50 से ज्यादा AC लग्जरी बसें चलेंगी, ट्रेन में टिकट नहीं मिलने पर भी होगी आसान यात्रा

छठ महापर्व के दौरान हर साल दिल्ली से बिहार आने वाली ट्रेनों में भारी भीड़, लंबी वेटिंग लिस्ट और टिकट की कमी यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी बन जाती है। त्योहार के समय प्लेटफॉर्म पर धक्का-मुक्की और ट्रेनों में सीटों के लिए मारामारी आम बात होती है। लेकिन इस बार दिल्ली और बिहार आने-जाने वाले लाखों यात्रियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। दिल्ली सरकार ने छठ पूजा से पहले बिहार के लिए 50 से अधिक AC लग्जरी इंटर-स्टेट बसें शुरू करने की तैयारी शुरू कर दी है। इस पहल का उद्देश्य ट्रेनों पर बढ़ने वाले दबाव को कम करना और यात्रियों को आरामदायक व किफायती यात्रा का विकल्प उपलब्ध कराना है। दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह के अनुसार, यह योजना दिल्ली और बिहार सरकार के बीच होने वाले समझौता (MoU) का हिस्सा होगी। सरकार की कोशिश है कि छठ पूजा शुरू होने से पहले ही बसों का संचालन शुरू कर दिया जाए। शुरुआती चरण में पटना, गया, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्णिया और भागलपुर सहित बिहार के छह प्रमुख शहरों के लिए बस सेवा शुरू की जाएगी। आगे यात्रियों की मांग बढ़ने पर अन्य शहरों को भी इस सेवा से जोड़ा जा सकता है। सरकार का कहना है कि इन AC सरकारी बसों का किराया निजी बसों की तुलना में कम रखा जाएगा, ताकि आम लोगों को कम खर्च में बेहतर यात्रा सुविधा मिल सके। छठ के दौरान निजी बसों का किराया अक्सर कई गुना बढ़ जाता है, जिससे यात्रियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ता है। नई सरकारी बस सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों को सस्ती, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा का विकल्प मिलेगा। अधिकारियों के मुताबिक, लंबी दूरी की यात्रा को ध्यान में रखते हुए 12 मीटर लंबी आधुनिक BS-VI एयर-कंडीशन्ड बसें चलाई जाएंगी। इन बसों में यात्रियों के सामान के लिए पर्याप्त लगेज स्पेस भी होगा। फिलहाल लंबी दूरी के रूट पर चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी को देखते हुए इलेक्ट्रिक बसों की बजाय BS-VI बसों को प्राथमिकता दी गई है। इनका संचालन वेट-लीज मॉडल के तहत किया जाएगा, जिसमें एक कॉन्ट्रैक्टर बसों का संचालन करेगा। सबसे बड़ी बात यह है कि यह सुविधा केवल छठ पूजा तक सीमित नहीं रहेगी। सरकार की योजना इन बसों का संचालन पूरे साल जारी रखने की है। इससे बिहार और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले छात्रों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को भी बड़ा फायदा मिलेगा। साथ ही, इससे दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (DTC) की आय बढ़ने की भी उम्मीद है। जानकारी के अनुसार, दिल्ली और बिहार सरकार के बीच सितंबर महीने में एमओयू पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। इसके बाद बस सेवा शुरू करने की प्रक्रिया तेज होगी। यदि यात्रियों का अच्छा प्रतिसाद मिलता है तो भविष्य में बसों की संख्या भी बढ़ाई जा सकती है। ऐसे में इस साल छठ पर ट्रेन में टिकट नहीं मिलने की स्थिति में भी दिल्ली से बिहार आने वाले लोगों के पास आरामदायक सरकारी बसों का एक नया विकल्प उपलब्ध होगा। – मिथिला हिंदी न्यूज़
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.