श्यामा मंदिर परिसर में बिना अनुमति धरना पड़ा भारी, प्रदर्शनकारियों पर FIR की तैयारी

दरभंगा के प्रसिद्ध मां श्यामा मंदिर परिसर में बिना प्रशासनिक अनुमति धरना देना प्रदर्शनकारियों को महंगा पड़ गया है। विश्वविद्यालय थाना पुलिस अब धरना में शामिल लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने की तैयारी कर रही है। इसकी पुष्टि विश्वविद्यालय थानाध्यक्ष ने की है। मंदिर परिसर में आयोजित इस धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने मंदिर न्यास समिति की कार्यप्रणाली, वित्तीय अनियमितताओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर कई गंभीर आरोप लगाए थे। हालांकि इन आरोपों पर न्यास समिति की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। जानकारी के अनुसार, नवगठित मां श्यामा न्याय मंच ने धरना आयोजित करने के लिए सदर एसडीओ गौरव कुमार से अनुमति मांगी थी। लेकिन कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए एसडीओ ने मंदिर परिसर में धरना देने की अनुमति नहीं दी और संगठन को लहेरियासराय स्थित निर्धारित धरना स्थल पर कार्यक्रम आयोजित करने का निर्देश दिया था। इसके बावजूद बुधवार को प्रदर्शनकारियों ने मंदिर परिसर में धरना देकर अपनी 14 सूत्री मांगों को उठाया। धरना के दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मंदिर में अव्यवस्था और अराजकता का माहौल है। उन्होंने न्यास समिति पर बिना निविदा करोड़ों रुपये के निर्माण कार्य कराने, वित्तीय अनियमितताओं, भ्रष्टाचार और नवाह कार्यक्रम के बाद साड़ी गोदाम में लगी आग की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। इसके साथ ही मंदिर प्रबंधन में बाहरी लोगों की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए। मां श्यामा मंदिर न्यास समिति के पदेन सचिव दरभंगा के जिला पदाधिकारी (डीएम) कौशल कुमार हैं, जबकि समिति के अध्यक्ष ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति एस.एम. झा हैं। इस पूरे मामले पर सदर एसडीओ गौरव कुमार ने बताया कि उन्होंने एलएनएमयू थाना अध्यक्ष से स्पष्टीकरण और विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा कि मामले की मौखिक जानकारी भी ली जा रही है और रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति मंदिर परिसर में धरना देने वाले लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। – मिथिला हिंदी न्यूज़
👁️ अब तक पढ़ा गया: बार

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.