👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
समस्तीपुर में सफाई कर्मियों की हड़ताल पर सख्ती, प्रभारी जमादार समेत कई कर्मचारियों पर FIR दर्ज
0
August 06, 2026
समस्तीपुर नगर निगम में कई दिनों से जारी सफाई कर्मियों की हड़ताल अब कानूनी कार्रवाई तक पहुंच गई है। नगर निगम के नगर प्रबंधक रघुनाथ पासवान के आवेदन पर नगर थाना में प्रभारी सफाई जमादार राजकुमार राम समेत अन्य हड़ताली दैनिक और स्थायी सफाई कर्मियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, अनुशासनहीनता और अन्य आरोपों में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिकी के अनुसार, 29 जुलाई से प्रभारी सफाई जमादार राजकुमार राम और अन्य सफाई कर्मियों ने नगर निगम क्षेत्र में सफाई और कचरा उठाव का कार्य पूरी तरह बंद कर दिया है। इसके कारण शहर के विभिन्न वार्डों, मुख्य चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर कचरे का ढेर लग गया है। लगातार गंदगी फैलने से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और संक्रमण फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
नगर प्रबंधक ने अपने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि हड़ताली सफाई कर्मी आउटसोर्सिंग एजेंसी के कर्मचारियों को भी सफाई कार्य नहीं करने दे रहे हैं। उनके साथ मारपीट और धमकी देने की शिकायत भी दर्ज कराई गई है। नगर निगम का कहना है कि सफाई व्यवस्था आवश्यक सेवाओं में शामिल है, ऐसे में इसे बाधित करना आम जनता के हितों के खिलाफ है।
एफआईआर में यह भी उल्लेख किया गया है कि हड़ताली कर्मचारी प्रतिदिन सुबह करीब 10 बजे नगर निगम कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर ताला लगा देते हैं। इससे निगम का नियमित प्रशासनिक कार्य प्रभावित हो रहा है और कर्मचारियों के साथ-साथ आम लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। काफी मशक्कत के बाद कार्यालय का ताला खोला जाता है, जिससे दैनिक कामकाज में लगातार बाधा उत्पन्न हो रही है।
नगर थाना अध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि नगर प्रबंधक के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
इधर, सफाई कर्मियों की हड़ताल अब भी जारी है। शहर के कई इलाकों में कचरे का उठाव नहीं होने से सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। गंदगी बढ़ने से लोगों में नाराजगी है और जल्द समाधान की मांग तेज हो रही है।
– मिथिला हिंदी न्यूज़
