👁️ अब तक पढ़ा गया:
बार
पटना में 6 दिन बाद खत्म हुई सफाईकर्मियों की हड़ताल, वेतन, पेंशन और बोनस पर बनी सहमति
0
August 05, 2026
पटना: राजधानी पटना में छह दिनों से जारी नगर निकाय सफाईकर्मियों की हड़ताल सरकार और सफाईकर्मी संघर्ष समिति के बीच समझौते के बाद समाप्त हो गई। समझौते के बाद नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा और संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी जताई। बैठक में पटना नगर निगम के नगर आयुक्त यशपाल मीणा भी मौजूद रहे।
समझौते के तहत दैनिक और संविदा पर कार्यरत सफाईकर्मियों को बड़ी राहत मिली है। अब उन्हें अवकाश, ग्रेच्युटी, सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन सहित स्थायी कर्मचारियों की तरह अन्य सेवा लाभ देने की दिशा में कार्रवाई होगी। आउटसोर्सिंग और ठेका एजेंसियों के माध्यम से कार्यरत कर्मियों का वेतन अब सीधे उनके बैंक खातों में भेजा जाएगा। इसके साथ ही पहली बार बोनस का लाभ भी मिलेगा। वहीं, काम के दौरान वाहन खराब होने पर चालकों के वेतन से कटौती की व्यवस्था भी तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई है।
पटना नगर निगम की सशक्त स्थायी समिति ने 3816 दैनिक सफाईकर्मियों के स्थायीकरण के प्रस्ताव को मंजूरी देकर विभाग को भेजने की अनुशंसा की है। प्रस्ताव लागू होने पर एक कर्मी का मासिक वेतन 35,800 रुपये होगा। इससे नगर निगम पर हर महीने करीब 13.66 करोड़ रुपये का वेतन खर्च आएगा, जबकि वर्तमान में इन कर्मियों पर 6.04 करोड़ रुपये प्रति माह खर्च हो रहे हैं। स्थायीकरण के बाद नगर निगम पर लगभग 163.94 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वार्षिक वित्तीय भार पड़ेगा।
नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा ने बताया कि अधिकांश मांगों पर सहमति बन गई है, जबकि एसीपी और एमएससीपी योजना सहित अन्य मांगों पर विचार के लिए समिति गठित की जाएगी। विभागीय रोक हटते ही पात्र कर्मचारियों को इन योजनाओं का लाभ दिया जाएगा। नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था बहाल करने के लिए कर्मचारियों का काम पर लौटना बेहद जरूरी था।
गौरतलब है कि छह दिनों की हड़ताल के दौरान पटना की सड़कों और गलियों में कूड़े के ढेर लग गए थे, जिससे लोगों को बदबू और बीमारी का खतरा झेलना पड़ रहा था। अब हड़ताल समाप्त होने के बाद नगर निगम ने जल्द से जल्द पूरे शहर की सफाई व्यवस्था सामान्य करने का दावा किया है।
मिथिला हिंदी न्यूज
