मिथिला हिन्दी न्यूज
संपादक: रोहित कुमार सोनू
पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के परेव में रविवार सुबह सोन नदी के किनारे पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से करीब 62 राउंड फायरिंग होने की बात सामने आई है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में कुख्यात अपराधी अनीश कुमार के पैर में गोली लगी। वहीं, बिहटा थाना के एसआई राजू कुमार सिंह भी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस के अनुसार, सोन नदी में नाविकों से रंगदारी वसूले जाने की सूचना मिली थी। सूचना का सत्यापन करने के बाद पुलिस टीम कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की।
मुठभेड़ के दौरान अनीश कुमार के पैर में गोली लगी। पुलिस के मुताबिक, अनीश टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल है और एके-47 से जुड़े मामले में फरार चल रहा था। घायल अनीश को इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा गया है।
मुठभेड़ में एसआई राजू कुमार सिंह की बांह को भी गोली छूकर निकल गई। घटनास्थल से पुलिस ने एक देसी राइफल, एक देसी कार्बाइन, दो देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा और करीब 25 राउंड गोलियां बरामद की हैं। पुलिस ने एक नाव भी जब्त की है।
एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के अनुसार, अपराधियों की ओर से करीब 40 राउंड और पुलिस की ओर से करीब 22 राउंड फायरिंग की गई। पुलिस अब मुठभेड़ में शामिल अन्य अपराधियों की तलाश में जुटी है। इलाके में छानबीन और निगरानी बढ़ा दी गई है।