केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए 8वें वेतन आयोग (8th Pay Commission) से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है। आयोग ने राजस्थान की राजधानी जयपुर में कर्मचारी संगठनों, यूनियनों और पेंशनर एसोसिएशनों के साथ बैठक करने का कार्यक्रम जारी कर दिया है। इन बैठकों में उन संगठनों को शामिल होने का अवसर मिलेगा, जिन्होंने आयोग को अपना ज्ञापन (Memorandum) पहले ही सौंप दिया है, लेकिन अब तक आयोग के साथ सीधी चर्चा नहीं कर पाए हैं।
आयोग द्वारा 3 अगस्त 2026 को जारी सूचना के अनुसार, 31 अगस्त (सोमवार) और 1 सितंबर (मंगलवार) 2026 को जयपुर में बैठकें आयोजित की जाएंगी। इन बैठकों का उद्देश्य कर्मचारियों और पेंशनर्स से वेतन संरचना, भत्तों, पेंशन तथा अन्य सेवा संबंधी मुद्दों पर सीधे सुझाव प्राप्त करना है, ताकि अंतिम सिफारिशें तैयार करते समय इन सुझावों को शामिल किया जा सके।
18 अगस्त तक करना होगा ऑनलाइन आवेदन
आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन कर्मचारी संगठनों, यूनियनों या पेंशनर एसोसिएशनों ने पहले ही अपना मेमोरेंडम जमा कर दिया है, लेकिन अब तक उन्हें चर्चा का अवसर नहीं मिला है, उन्हें आयोग के आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन करना होगा। आवेदन करते समय Unique Memo ID देना अनिवार्य होगा, जो मेमोरेंडम जमा करते समय जारी किया गया था।
इस प्रक्रिया की अंतिम तिथि 18 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। इसके बाद भेजे गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
ई-मेल से मिलेगी बैठक की जानकारी
आयोग ने बताया है कि बैठक का समय और स्थान (Venue) संबंधित संगठनों को उनके पंजीकृत ई-मेल के माध्यम से भेजा जाएगा। इसलिए आवेदन करते समय सही ई-मेल आईडी दर्ज करना आवश्यक है।
साथ ही आयोग ने स्पष्ट किया है कि हार्ड कॉपी या ई-मेल के जरिए भेजे गए आवेदन या दस्तावेज स्वीकार नहीं किए जाएंगे। केवल आधिकारिक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से जमा किए गए आवेदन और दस्तावेज ही मान्य होंगे।
Mithila Hindi News