दरभंगा सदर प्रखंड की खुटवारा और अतिहर पंचायत में बुधवार को सहयोग सह जनकल्याण शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीण विधायक ईश्वर मंडल (राजेश कुमार मंडल) ने कहा कि वर्षों से बंद पड़ी सकरी और रैयाम चीनी मिल को दोबारा शुरू करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। उन्होंने दावा किया कि नवंबर माह में प्रधानमंत्री के हाथों दोनों चीनी मिलों का उद्घाटन होना लगभग तय है।
विधायक ईश्वर मंडल ने अतिहर पंचायत के हेंगोली स्थित पंचायत सरकार भवन में लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से पंचायत स्तर पर सहयोग सह जनकल्याण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
शिविर में राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, मनरेगा, कृषि, आपूर्ति और स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन जमा किए। अधिकारियों ने कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया, जबकि शेष आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने का भरोसा दिया।
खुटवारा पंचायत के प्लस टू उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित शिविर की अध्यक्षता मुखिया प्रतिनिधि एवं पूर्व मुखिया ब्रजेश कुमार यादव ने की। वहीं अतिहर पंचायत के हेंगोली स्थित पंचायत सरकार भवन में आयोजित शिविर की अध्यक्षता मुखिया रेखा देवी ने की।
खुटवारा में बीडीओ रवि रंजन, सीओ निश्चल प्रेम, पीओ प्रेम कुमार, बीईओ राजेश कुमार, बीपीआरओ करुणा कश्यप सहित अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर जदयू प्रखंड अध्यक्ष घनश्याम राय, भाजपा नेता विद्यासागर यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। विधायक ने लोगों से सरकारी योजनाओं का लाभ लेने और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए ऐसे शिविरों का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।
— मिथिला हिंदी न्यूज़